मुठभेड़ में ढेर इनामी गोकश शहजाद, पोस्टमार्टम में दो गोलियां लगने की पुष्टि

शहरी चौपाल ब्यूरो 
सहारनपुर। मिर्जापुर और फतेहपुर थाना पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए एक लाख रुपये के इनामी गोकश शहजाद की मौत दो गोलियां लगने से हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि दोनों गोलियां उसके बायीं ओर सीने में लगी थीं, जिससे अंदरूनी अंग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
गुरुवार को शहजाद के शव का पहले जिला अस्पताल में एक्सरे कराया गया, इसके बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज में दो डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच करीब डेढ़ घंटे में पोस्टमार्टम किया। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात रहा। देर शाम शव को कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
गौरतलब है कि बुधवार को मिर्जापुर और फतेहपुर थाना पुलिस को शहजाद की लोकेशन मिलने के बाद गांव शेरपुर पैलो के पास घेराबंदी की गई थी। जैसे ही पुलिस ने बाइक सवार बदमाशों को रुकने का इशारा किया, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में शहजाद को गोली लग गई, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
मुठभेड़ के दौरान सिपाही सोमेंद्र और कुलदीप भी घायल हुए, जिनके हाथ में गोली लगी। तीनों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने शहजाद को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव गंदेवड़ा निवासी शहजाद पर अलग-अलग थानों में 44 मुकदमे दर्ज थे और वह फरवरी माह से फरार चल रहा था। वह गोकशी और पशु चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहा है और हिस्ट्रीशीटर भी था। घटनास्थल से एक पिस्टल बरामद की गई है।


अधिकारियों ने लिया जायजा
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही डीआईजी और एसएसपी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों का हालचाल जाना। इसके बाद अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य