शहरी चौपाल ब्यूरो
शामली। चैत्र नवरात्र की शुरुआत और ईद की तैयारियों के बीच जिले में बिजली संकट ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। स्मार्ट मीटर में रिचार्ज खत्म होने के चलते बुधवार और बृहस्पतिवार को जिलेभर में 21 हजार से अधिक बिजली कनेक्शन कट गए, जिससे हजारों घर अंधेरे में डूब गए।
बिजली कटौती से परेशान उपभोक्ता बिजलीघरों पर पहुंचने लगे, जहां लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। शामली बिजलीघर सहित कैराना, झिंझाना और कांधला क्षेत्रों में भीड़ बढ़ने पर व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस तक बुलानी पड़ी।

कैराना क्षेत्र में 13 से 19 मार्च के बीच लगभग तीन हजार कनेक्शन स्मार्ट मीटर में रिचार्ज न होने के कारण ऑनलाइन सिस्टम से बंद कर दिए गए। वहीं कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि रिचार्ज कराने के बावजूद भी उनकी बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो रही, जिससे रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं।
रिचार्ज के बाद भी नहीं आई बिजली
उपभोक्ताओं का कहना है कि बकाया बिल जमा करने और अतिरिक्त रिचार्ज कराने के बावजूद बिजली चालू नहीं हो रही। कई लोग पिछले दो-तीन दिनों से लगातार बिजलीघरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा। इससे त्योहार की खुशियों पर भी असर पड़ा है।
अधिकारियों ने तकनीकी समस्या बताई
विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार, उपभोक्ताओं को बकाया राशि चुकाने के साथ कम से कम 500 रुपये का अग्रिम रिचार्ज करना जरूरी है। सामान्य स्थिति में रिचार्ज के दो घंटे के भीतर आपूर्ति बहाल हो जाती है, लेकिन तकनीकी खामी के कारण कुछ मामलों में देरी हो रही है। विभाग द्वारा समस्या के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।
फैक्ट फाइल
जिले में कुल बिजली उपभोक्ता: 2.80 लाख
स्मार्ट मीटर धारक: 1.5 लाख
बिजली संकट के चलते उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है। लोगों का कहना है कि त्योहारों के समय इस तरह की समस्याएं उनकी परेशानियों को और बढ़ा रही हैं।








