शहरी चौपाल ब्यूरो
उत्तर प्रदेश। प्रदेश में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। राजधानी लखनऊ सहित कई जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश के चलते दिन में ही अंधेरा छा गया। सुबह करीब 10 बजे मौसम ऐसा हो गया मानो शाम हो गई हो, जिससे आम जनजीवन प्रभावित नजर आया।
बारिश के दौरान ऑफिस और काम पर जाने वाले लोग जगह-जगह फ्लाईओवर के नीचे शरण लेते दिखाई दिए। तेज हवाओं और अचानक हुई बारिश ने जहां गर्मी से राहत दिलाई, वहीं कई इलाकों में मौसम का रुख तूफानी बना रहा।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के करीब 27 जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है, जिसके चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रभावित जिलों में सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, आगरा, अलीगढ़ समेत कई जिले शामिल हैं।
इससे पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में बुधवार शाम से ही मौसम का मिजाज बदलने लगा था। तेज झोंकेदार हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश ने दिल्ली से सटे इलाकों में भी तापमान गिरा दिया और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आने वाले दो दिनों में तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। वहीं कुछ जिलों में तेज आंधी और वज्रपात की भी संभावना बनी हुई है, जिसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।








