Saharanpur News : ईद की नमाज में उमड़ा जनसैलाब, लाखों लोगों ने मांगी अमन-चैन की दुआ, ड्रोन से निगरानी

सहारनपुर में ईद-उल-फितर पर लाखों नमाजियों ने ईदगाह और मस्जिदों में नमाज अदा की। डीएम और एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया, ड्रोन से निगरानी की गई।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। जनपद में ईद-उल-फितर का पर्व पूरे उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। ईदगाह सहित विभिन्न मस्जिदों में लाखों अकीदतमंदों ने नमाज अदा कर मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।

अंबाला रोड स्थित ईदगाह में सुबह से ही नमाजियों का आना शुरू हो गया था। सुबह आठ बजे तक हजारों लोग नमाज के लिए एकत्र हो गए थे। छोटे बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला, जो आकर्षक परिधानों में अपने परिजनों के साथ ईदगाह पहुंचे। शहर काजी नदीम अख्तर ने नमाज अदा कराई और अपने संदेश में कहा कि दूसरों का दिल दुखाने वालों को अल्लाह भी माफ नहीं करते, इसलिए सभी को आपसी भाईचारा बनाए रखना चाहिए।

शहर की प्रमुख जामा मस्जिद समेत महानगर की अधिकांश मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई। इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की खुशियां साझा कीं।

ईदगाह और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस, पीएसी और अर्धसैनिक बल तैनात रहे। ड्रोन कैमरों के माध्यम से पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम और अन्य अधिकारियों के साथ ईदगाह का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क और मुस्तैद रहने, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही थाना कुतुबशेर क्षेत्र में पैदल गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई, जिससे आमजन में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत हुआ। प्रशासन द्वारा ईद के अवसर पर शांति, सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिनके चलते पूरा पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य