नई दिल्ली। देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 22 राज्यों में आंधी-तूफान, तेज हवाओं और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। सोमवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में बूंदाबांदी और तेज हवाओं के कारण लोगों को ठंडक का अहसास हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में पूरे सप्ताह मौसम बदला हुआ रहेगा। आसमान में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश तथा तेज हवाएं चलने की संभावना है। अगले चार दिनों में तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, हालांकि अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहने की उम्मीद है। रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम रहा।
उत्तर भारत के कई राज्यों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा। हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। उत्तराखंड में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है।
पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के राज्यों में भी अलर्ट जारी किया गया है। असम और मेघालय में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 24 से 28 मार्च के बीच तूफानी हवाओं और बारिश का प्रभाव रह सकता है।
मध्य और दक्षिण भारत में भी मौसम सक्रिय बना हुआ है। छत्तीसगढ़ और विदर्भ में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और रायलसीमा क्षेत्र में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। केरल में उमस भरा मौसम बना रहेगा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और तेज जेट स्ट्रीम के कारण देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम में यह बदलाव आया है। 26 मार्च के आसपास एक और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे मौसम का असर आगे भी जारी रहने की संभावना है।








