शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। चैत्र नवरात्र के अवसर पर श्री शाकंभरी देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सिद्धपीठ में दर्शन के लिए भक्तों को घंटों लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ा। भीड़ का आलम यह था कि दर्शनार्थियों की लाइन शंकराचार्य आश्रम से आगे रैन बसेरा तक पहुंच गई।
नवरात्र मेले के पांचवा दिन चलते तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। सुबह छह बजे तक मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग के कई चक्र पार करते हुए लंबी लाइन लग गई। श्रद्धालु माता के जयकारे लगाते हुए उत्साह के साथ दर्शन के लिए आगे बढ़ते रहे। कई श्रद्धालुओं को मां के दर्शन के लिए 5 से 6 घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। मंदिर क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाकर उन्हें भूरादेव मंदिर से पहले बनाए गए पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया गया, जो कुछ ही समय में भर गए।
पुलिस अधीक्षक देहात सागर जैन ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी वैभव पांडेय और कोतवाली प्रभारी सूबे सिंह भी व्यवस्थाओं को संभालते नजर आए। प्रशासन का अनुमान है कि आगामी अष्टमी पर श्रद्धालुओं की संख्या और अधिक बढ़ सकती है, जिसके मद्देनजर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।








