रिपोर्ट , गय्युर मलिक
बेहट (सहारनपुर)। कस्बा बेहट में चोरी की एक घटना सामने आई है, जहां एक घर से गैस सिलेंडर चोरी कर लिया गया। पीड़ित ने इस मामले में मोहल्ले के कुछ युवकों, जिन पर स्मैक तस्करी का आरोप है, के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार इंदिरा कॉलोनी निवासी अब्बास पुत्र मकसूद ने बताया कि वह सब्जी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। रविवार रात उसके घर से गैस सिलेंडर चोरी हो गया। पीड़ित का आरोप है कि मोहल्ले का ही एक युवक, जो स्मैक बेचने और नशा करने का आदी है, इस घटना में शामिल है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में स्मैक तस्करों का आतंक बढ़ता जा रहा है और ये लोग अब चोरी जैसी घटनाओं को भी अंजाम दे रहे हैं। मामले में अन्य संदिग्ध व्यक्तियों को भी नामजद करते हुए कोतवाली बेहट में तहरीर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में बढ़ती नशे की समस्या पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।








