शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर,। शिवालिक पहाड़ियों के बीच स्थित सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर परिसर में चैत्र नवरात्र के अवसर पर आयोजित भव्य मेले में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। मां के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना हुआ है और श्रद्धालु दूर-दराज से पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं।

मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधा को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हैं। मंडलायुक्त, डीआईजी, जिलाधिकारी मनीष बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र को सुपर जोन, जोन और सेक्टर में विभाजित किया गया है तथा 8-8 घंटे की शिफ्ट में मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। मेला कोतवाली की स्थापना के साथ ही अतिरिक्त पुलिस बल, पीएसी, होमगार्ड और महिला पुलिस की तैनाती की गई है।
मेला परिसर में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे, 40 पीए सिस्टम, खोया-पाया केंद्र, महिला हेल्पडेस्क और मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा 7 बड़े पार्किंग स्थल, पेयजल टैंकर, शौचालय, स्वास्थ्य शिविर और एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की गई है।
स्वास्थ्य सुविधाओं के तहत मेला परिसर में हेल्थ कैंप स्थापित किया गया है, जहां आकस्मिक स्थिति में प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। आपदा प्रबंधन के तहत फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और फ्लड पीएसी की टीमें भी तैनात हैं।
मंदिर व्यवस्थापक राणा परिवार द्वारा भी मंदिर परिसर में दर्शन व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन द्वारा की गई बेहतर व्यवस्थाओं से श्रद्धालु काफी संतुष्ट नजर आ रहे हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जिलाधिकारी मनीष बंसल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन का आभार व्यक्त कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि 19 मार्च से शुरू हुए इस मेले में आगामी प्रमुख तिथियों पर श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है, जिसके मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।








