सहारनपुर में बाइक स्टंट करने वाले 4 युवक गिरफ्तार, जनकपुरी पुलिस ने 4 मोटरसाइकिलें की सीज

सहारनपुर के जनकपुरी थाना पुलिस ने सड़क पर स्टंट कर रहे 4 युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 4 मोटरसाइकिलें सीज कर कार्रवाई की, ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों को सख्त चेतावनी।

 

शहरी चौपाल ब्यूरो 

Saharanpur। थाना जनकपुरी पुलिस ने सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से मोटरसाइकिल चलाकर स्टंट करने वाले चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोटरसाइकिलें भी सीज कर दी हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर द्वितीय के पर्यवेक्षण में थाना जनकपुरी पुलिस ने 23 मार्च 2026 को चेकिंग के दौरान चार स्टंटबाज युवकों को मौके से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान कलीम पुत्र इकबाल निवासी मोहल्ला कुदाना, ग्राम कैलाशपुर थाना गागलहेड़ी, कैफ पुत्र इंतजार निवासी ग्राम भावरी थाना गागलहेड़ी, बाबर पुत्र आसिफ पहलवान निवासी मोहल्ला अजारा जामा मस्जिद के पास कस्बा व थाना सरसावा तथा शोएब पुत्र शमीम निवासी ग्राम कैलाशपुर थाना गागलहेड़ी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी सार्वजनिक स्थान पर खतरनाक स्टंट कर रहे थे, जिससे सड़क पर चल रहे लोगों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो रहा था। गिरफ्तारी के आधार पर सभी आरोपियों के विरुद्ध मु0अ0सं0 57/2026 धारा 281 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्प्लेंडर (HR02R7491), दो बुलेट (UP11BS2344, UP11BU2727) और एक अन्य मोटरसाइकिल (UA07F8049) को सीज किया है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार चीमा, उपनिरीक्षक संजय कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक अजय कसाना, उपनिरीक्षक शिवराज तोमर, हेड कांस्टेबल सूरज, हेड कांस्टेबल मोहित, हेड कांस्टेबल बालेन्द्र और कांस्टेबल संदीप शामिल रहे।

पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सड़क पर स्टंट या रेस ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य