देवबंद में नाबालिग किशोरी के अपहरण से सनसनी, 4 लोग हिरासत में, गांव में पुलिस बल तैनात

सहारनपुर के देवबंद क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया। पुलिस ने 4 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, गांव में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

देवबंद (सहारनपुर)।थाना नागल क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग किशोरी के कथित अपहरण का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी एक नाबालिग किशोरी अचानक लापता हो गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी अमितेश सिंह और थाना प्रभारी राजकुमार चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। साथ ही गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि किशोरी का कोई सुराग मिल सके।

पुलिस के अनुसार मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कई टीमों का गठन किया गया है, जो लगातार किशोरी की तलाश में जुटी हुई हैं। अब तक चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

वहीं सामाजिक संगठन से जुड़े विकास त्यागी भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि किशोरी की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो।

घटना के बाद गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

थाना प्रभारी राजकुमार चौहान ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य