शहरी चौपाल ब्यूरो
Saharanpur। सहारनपुर। महापौर डॉ. अजय कुमार ने मेरठ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान रूसी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर ऊर्जा, कृषि (फार्मिंग) और ठोस कचरे से ऊर्जा उत्पादन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।
रूसी प्रतिनिधिमंडल सर्गेई चेरेमिन के नेतृत्व में भारत दौरे पर आया है, जो दिल्ली में आयोजित स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव में भाग ले रहा है। इससे पूर्व प्रतिनिधिमंडल मेरठ के ग्रामीण क्षेत्र में स्थापित किए जा रहे बायोगैस प्लांट स्थल पर आयोजित वैश्विक उत्कृष्टता सम्मेलन में भी शामिल हुआ।
महापौर डॉ. अजय कुमार ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि भारत स्वच्छ ऊर्जा और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में नगर निगमों द्वारा आत्मनिर्भरता और सतत विकास को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
इस अवसर पर महापौर ने रूसी प्रतिनिधिमंडल को भगवद गीता भेंट करते हुए उसके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गीता केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि सुशासन, नैतिकता और कर्तव्य पालन का मार्गदर्शक है, जो समाज और राष्ट्र को संतुलित दिशा प्रदान करता है।
प्रतिनिधिमंडल में मॉस्को चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष व्लादिमीर प्लातोनोव, अंतरराष्ट्रीय संबंध विभाग के प्रमुख जॉर्ज अल-ज्राइकात, इगोर अलेक्सेव, दारिया पुस्तोवालोवा और गैलिना अनुफ्रीवा सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान मेहलका बायोएनर्जी के अधिकारियों ने महापौर का स्वागत किया। इस मुलाकात को भारत और रूस के बीच ऊर्जा और पर्यावरण क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।








