शहरी चौपाल ब्यूरो
Saharanpur। चैत्र नवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत छठे दिन राधा विहार स्थित महाशक्ति पीठ वैष्णवी महाकाली मंदिर में मां कात्यायनी की विधिवत पूजा-अर्चना श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुई। कार्यक्रम का आयोजन श्री रामकृष्ण विवेकानंद संस्थान के तत्वावधान में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने मां कात्यायनी की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए बताया कि माता कात्यायन ऋषि के तप से प्रकट हुई थीं और उनके नाम पर ही उनका नाम कात्यायनी पड़ा। उन्होंने कहा कि मां कात्यायनी को कुल की रक्षक देवी माना जाता है, जो सभी भक्तों के जीवन में सुख, समृद्धि और शांति प्रदान करती हैं।
महोत्सव के दौरान दुर्गा सतनाम स्तोत्र के साथ माता का अभिषेक किया गया और आकर्षक श्रृंगार कर भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात भव्य महा आरती का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
स्वामी जी ने कहा कि मां कात्यायनी की नियमित पूजा से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और परिवार में किसी प्रकार का अभाव नहीं रहता। उन्होंने भक्तों को भक्ति मार्ग पर चलने और आत्मिक उन्नति के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पंडित जी शर्मा, पंडित अभिषेक शर्मा, नीरज शर्मा, रमेश शर्मा, राजेंद्र धीमान, अश्विनी कंबोज, तनु शर्मा, गीता, बबीता, कुसुम, रेखा, राजबाला सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।








