शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। शहर की प्रमुख शिक्षण संस्था आशा मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल में सत्र 2025-26 का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। परिणाम घोषित होते ही सफल विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलकती नजर आई।
जनता रोड स्थित विद्यालय में आयोजित भव्य समारोह में मुख्य अतिथि मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार एवं नगरायुक्त शिपू गिरि ने मेधावी छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
विद्यालय में कक्षा प्री-नर्सरी से कक्षा 2 तक का परीक्षा परिणाम 99 प्रतिशत रहा। वहीं कक्षा 3 से 9 और कक्षा 11 तक के विद्यार्थियों का भी उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा। कार्यक्रम में प्रत्येक कक्षा के प्रथम पांच मेधावी छात्रों को आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की गई।
ग्रुप टॉपर्स में प्री-नर्सरी में आर्वी, नर्सरी में वृतिका, एलकेजी में एकांश, यूकेजी में रितवी, कक्षा 1 में उत्कर्ष, कक्षा 2 में इनाया, कक्षा 3 में प्रणव, कक्षा 4 में वैभव पुंडीर, कक्षा 5 में आकाशा और आरोही, कक्षा 6 में आलिया, कक्षा 7 में देवांश, कक्षा 8 में आशिया तथा कक्षा 9 में रासांश को छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
विद्यालय ने अपनी परंपरा को कायम रखते हुए कक्षा 11 के छात्र माधव धीमान को सभी गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान के लिए 24 कैरेट स्वर्ण पदक से सम्मानित किया। इसके अलावा सीबीएसई की कुराश प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दक्षिण कोरिया में भारत का प्रतिनिधित्व कर कांस्य पदक जीतने वाले कक्षा 11 के कृष्णा शर्मा एवं कक्षा 9 की सुहानी को भी छात्रवृत्ति दी गई।
विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन और शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया। कक्षा 11 के विभिन्न वर्गों में विज्ञान, जीव विज्ञान, वाणिज्य एवं कला संकाय के छात्रों ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या डॉ. रुचि शर्मा ने अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया। विद्यालय के निदेशक ई. भव्य जैन ने सभी विजेता छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में निदेशिका श्रीमती रुपाली जैन, उप प्रधानाचार्य मनु मल्होत्रा, अनुशासन प्रमुख रविंद्र कुमार शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इससे पूर्व छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति भी दी गई।








