शहरी चौपाल ब्यूरो
शामली / कैराना। शहीद दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के मेरा युवा भारत (MY Bharat) शामली तथा राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, विजय सिंह पथिक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कैराना के संयुक्त तत्वावधान में संगोष्ठी, पदयात्रा एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य डॉ. हरेंद्र सिंह, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. योगेंद्र पाल सिंह, डॉ. राम कुमार, जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा एवं डॉ. डॉली द्वारा भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के चित्रों पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की गई।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. हरेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को महान क्रांतिकारियों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित होने का संदेश दिया। जिला युवा अधिकारी प्रतिभा शर्मा ने कहा कि शहीदों का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है और 23 मार्च केवल एक तिथि नहीं बल्कि जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है।
कार्यक्रम में डॉ. योगेंद्र पाल सिंह और डॉ. राकेश कुमार ने काकोरी कांड तथा सेंट्रल असेंबली बम कांड पर विस्तार से प्रकाश डाला। डॉ. राम कुमार ने स्वतंत्रता संग्राम में क्रांतिकारियों के योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए।
इसके बाद सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अतिथियों ने “मेरा भारत, मेरा उत्तरदायित्व” शपथ पत्र पर हस्ताक्षर कर देश सेवा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत पदयात्रा का आयोजन भी किया गया, जो महाविद्यालय से शुरू होकर मुख्य मार्ग होते हुए पुलिस कोतवाली कैराना तक पहुंची और पुनः महाविद्यालय परिसर में समाप्त हुई। पदयात्रा में पुलिस उपनिरीक्षक शिल्पी चौधरी, चंद्रशेखर एवं आरक्षी प्रिंस का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एनएसएस स्वयंसेवकों वंश कुमार, रोहन कुमार, आंचल, खुशी, अर्पण, समीर, रूपेश और अयान सहित अन्य छात्रों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








