शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की विनियमन समीक्षा समिति के आगामी 8 एवं 9 अप्रैल को प्रस्तावित जनपद भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संतोष बहादुर सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में एडीएम प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि समिति के समक्ष प्रस्तुत किए जाने वाले बिंदुओं की तैयारी पूरी गंभीरता और सटीकता के साथ की जाए। उन्होंने कहा कि विगत तीन वर्षों में सदन में उठाए गए प्रकरणों से संबंधित स्पष्ट, प्रमाणित और विस्तृत आख्या समय से तैयार कर ली जाए, ताकि समिति के समक्ष कोई भी जानकारी अधूरी न रहे।इस अवसर पर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली और उपलब्धियों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में आवास एवं शहरी नियोजन, आबकारी, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, गृह, राजस्व, पंचायती राज, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, ऊर्जा, सहकारिता, नगर विकास, जल शक्ति, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, परिवहन, समाज कल्याण, लोक निर्माण विभाग, ग्राम्य विकास, वन विभाग, औद्योगिक विकास, सिंचाई, खाद्य एवं रसद, नमामि गंगे, पर्यावरण, चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास, अल्पसंख्यक कल्याण, खनन, पशुधन, बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा नेडा समेत अनेक विभागों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।अपर जिलाधिकारी संतोष बहादुर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि समिति के भ्रमण के दौरान सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रहनी चाहिए। बैठक स्थल, प्रस्तुतीकरण सामग्री, अभिलेखों की उपलब्धता और विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक विभाग अपनी उपलब्धियों और योजनाओं की प्रगति को तथ्यात्मक रूप में प्रस्तुत करे।उन्होंने स्पष्ट किया कि विधान परिषद की यह समिति आगामी सत्र में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी, इसलिए जनपद स्तर पर प्रस्तुत की जाने वाली जानकारी का सटीक और प्रमाणित होना बेहद आवश्यक है। किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।बैठक के दौरान पीडीडीआरडीए प्रणय कृष्ण, जिला पंचायत राज अधिकारी प्रदीप कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक अरविंद कुमार पाठक, जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित सूचनाओं को समयबद्ध तरीके से संकलित कर प्रस्तुत करें।जिला प्रशासन की इस सक्रियता से स्पष्ट है कि प्रस्तावित भ्रमण को लेकर कोई भी चूक नहीं होने दी जाएगी। समिति के आगमन से पहले सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने का कार्य तेजी से जारी है, जिससे जनपद की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सके।








