एपीआई सहारनपुर चुनाव 2026: डॉ. कलीम अहमद बने अध्यक्ष, डायबिटीज पर जागरूकता का आह्वान

सहारनपुर में एपीआई के वार्षिक चुनाव संपन्न, डॉ. कलीम अहमद अध्यक्ष चुने गए। डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारी पर जागरूकता बढ़ाने की अपील, कई चिकित्सक रहे मौजूद।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। एसोसिएशन ऑफ फिजिशियन ऑफ इंडिया (एपीआई) सहारनपुर ब्रांच के वार्षिक चुनाव जीपीओ रोड स्थित एक होटल के सभागार में शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया का संचालन चुनाव अधिकारी डॉ. प्रवीण मित्तल की देखरेख में किया गया, जिसमें सभी पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चयन किया गया।

चुनाव परिणामों में डॉ. कलीम अहमद को अध्यक्ष, डॉ. विकास अग्रवाल को सचिव तथा डॉ. अनुपम मलिक को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके अतिरिक्त डॉ. संजीव मित्तल को वर्ष 2027-28 के लिए अध्यक्ष नामित किया गया। संगठन के उपाध्यक्ष पद पर डॉ. मोहन पाण्डेय, डॉ. रजनीश दहूजा और डॉ. रीना गर्ग को जिम्मेदारी दी गई। वहीं डॉ. सौम्या जैन को वैज्ञानिक सचिव, डॉ. नरेश नौसरान को एनआईएमसी संयोजक और डॉ. प्रवीण शर्मा को एपीआई बिल्डिंग कमेटी का संयोजक बनाया गया।

चुनाव के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. कलीम अहमद ने अपने संबोधन में चिकित्सकों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज के समय में डायबिटीज एक गंभीर और तेजी से बढ़ती हुई स्वास्थ्य समस्या बन चुकी है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि भारत में लगभग 10 करोड़ लोग डायबिटीज से पीड़ित हैं, जबकि करीब 36 करोड़ लोग प्री-डायबिटीज की स्थिति में हैं, जो आने वाले समय में बड़ी चुनौती बन सकती है।

उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली, बढ़ता तनाव और असंतुलित खान-पान इस बीमारी के प्रमुख कारण हैं। यदि समय रहते इन पर ध्यान नहीं दिया गया तो यह स्थिति और गंभीर हो सकती है। डॉ. अहमद ने लोगों से अपील की कि वे नियमित व्यायाम करें, संतुलित आहार लें और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराते रहें ताकि इस बीमारी को नियंत्रित किया जा सके।

उन्होंने यह भी कहा कि चिकित्सकों की जिम्मेदारी केवल इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाना भी उनका कर्तव्य है। उन्होंने सभी डॉक्टरों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने स्तर पर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करें और बीमारियों के प्रति सजग बनाएं।

कार्यक्रम के दौरान शहर के अनेक वरिष्ठ एवं युवा चिकित्सक मौजूद रहे। इस अवसर पर डॉ. प्रवीण चावला, डॉ. अंकुर उपाध्याय, डॉ. अंशुल गुप्ता, डॉ. संजीव मित्तल, डॉ. नरेश नौसरान, डॉ. सौम्या जैन, डॉ. रजनीश दहूजा, डॉ. विकास अग्रवाल और डॉ. मनोज कुमार सहित अन्य चिकित्सकों ने भी सहभागिता की और नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।

कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण और सौहार्दपूर्ण रहा, जहां सभी सदस्यों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा चिकित्सा क्षेत्र में बेहतर सेवाएं देने का संकल्प लिया। अंत में सभी पदाधिकारियों ने मिलकर एपीआई सहारनपुर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का विश्वास व्यक्त किया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य