ऑपरेशन सवेरा: कैराना पुलिस ने 4 करोड़ की स्मैक के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार, अपाचे बाइक व मोबाइल बरामद

शामली के कैराना में ऑपरेशन सवेरा के तहत पुलिस ने 2 किलो 15 ग्राम स्मैक (करीब 4.03 करोड़ रुपये) के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। बाइक व मोबाइल भी बरामद, नेटवर्क की जांच जारी।

 

शहरी चौपाल ब्यूरो 

शामली। जनपद में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन सवेरा – नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” के तहत थाना कैराना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2 किलो 15 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 4 करोड़ 3 लाख रुपये बताई जा रही है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक अपाचे मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत की गई। पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में थाना कैराना पुलिस टीम ने 29/30 मार्च 2026 की रात मुखबिर की सूचना पर बुच्चाखेड़ी से ऊंचागांव मार्ग पर घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अहसान पुत्र इकराम निवासी ग्राम तीतरवाड़ा थाना कैराना जनपद शामली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 किलो 15 ग्राम स्मैक, बिना नंबर प्लेट की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल और एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर थाना कैराना में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह स्मैक को सहारनपुर जनपद के नकुड़ थाना क्षेत्र के ग्राम घाटमपुर निवासी सारिक से खरीदकर लाता था और गांवों व मोहल्लों में छोटे-छोटे पैकेट बनाकर बेचता था। इस अवैध कारोबार से उसे अच्छा खासा मुनाफा होता था। पुलिस अब इस मामले में सप्लाई चेन की जांच कर रही है और आगे-पीछे जुड़े अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अहसान का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में सहारनपुर जनपद के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट सहित कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इससे स्पष्ट होता है कि आरोपी लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय था।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री, उपनिरीक्षक गौरव चौहान, उपनिरीक्षक पवन कुमार, हेड कांस्टेबल ललित शर्मा, शहजाद, कांस्टेबल राहुल, अंकित और कपिल कुमार शामिल रहे, जिनकी सक्रियता और तत्परता से यह बड़ी सफलता मिली।

शामली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि जनपद को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य