Saharanpur News नानौता में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा का भव्य स्वागत, बोले—“क्षेत्र मेरा परिवार, जनभावनाओं का करूंगा सम्मान”

नानौता में भाजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अजीत राणा का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र उनका परिवार है और वे जनभावनाओं का सम्मान करते हुए संगठन को मजबूत करेंगे।

फैय्याज अली आब्दी 

नानौता। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अजीत सिंह राणा का नानौता आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। नगर के गंगोह रोड स्थित एक धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। फूल-मालाओं और जोरदार नारों के बीच जिलाध्यक्ष का अभिनंदन किया गया, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और जोश से भर गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अजीत राणा ने कहा कि नानौता क्षेत्र उनके लिए मात्र एक स्थान नहीं बल्कि परिवार की तरह है। उन्होंने कहा कि यह उनकी जन्मभूमि और कर्मभूमि रही है, इसलिए यहां के लोगों की भावनाओं का सम्मान करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को मजबूत करने का कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे बनाए रखना उनका पहला कर्तव्य है और वे पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और संगठन की मजबूती ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है।

अपने संबोधन में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की ओर अग्रसर है और योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता और कानून व्यवस्था को मजबूत किया है, जिससे जनता का विश्वास बढ़ा है।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जब प्रदेश में गैर भाजपा सरकारें थीं तब भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमेशा जनता के हितों की लड़ाई लड़ी और गलत नीतियों का विरोध किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही परिणाम है कि आज पार्टी देश और प्रदेश में मजबूत स्थिति में है।

अजीत राणा ने कहा कि आने वाले समय में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाएगा ताकि पार्टी की नीतियां अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन और आपसी समन्वय बनाए रखने की अपील भी की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सुंदर लाल अरोड़ा ने की। इस दौरान नवीन खटाना, रक्षा नामदेव, राजीव नामदेव और हरीश तनेजा सहित कई स्थानीय नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और अजीत राणा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

स्वागत समारोह में मंडल अध्यक्ष विजयपाल सिंह, दर्शन लाल अरोड़ा, सोनू प्रधान, तेजवीर सिंह, चन्द्रपाल राणा, हार्दिक तनेजा, पीयूष अरोड़ा, सचिन गिल और बलकार चौधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य