शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। महानगर में कांग्रेस सेवादल द्वारा ध्वज वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान केंद्र सरकार की नीतियों को लेकर तीखी आलोचना की गई और वर्तमान व्यवस्था पर कई सवाल खड़े किए गए।
कार्यक्रम का आयोजन वार्ड 1 मोज्जमपुरा जेल चुंगी क्षेत्र में किया गया, जहां कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद चरणजीत सिंह निक्कू ने ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के पास देश के विकास के लिए कोई स्पष्ट विजन नहीं है।
चरणजीत निक्कू ने कहा कि सरकार बनने के बाद से ही जनता को विभिन्न समस्याओं में उलझा कर रखा गया है। कभी नोटबंदी के समय लंबी कतारें, तो कभी कोरोना काल में ऑक्सीजन की कमी और अब गैस सिलेंडर जैसी आवश्यक वस्तुओं के लिए जनता को परेशान होना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों से भटककर केवल राजनीतिक लाभ के लिए समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने का कार्य कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि देश को एक मजबूत और दूरदर्शी नेतृत्व की आवश्यकता है, जो सभी वर्गों को साथ लेकर चले और विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए। कार्यक्रम में कांग्रेस सेवादल के अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए वर्तमान सरकार की नीतियों पर असंतोष जताया।
सेवादल अध्यक्ष अनुज शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली से देश की सामाजिक संरचना पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं और आगामी समय में पार्टी को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
यंग ब्रिगेड के जिला अध्यक्ष प्रबल निधि सहल और महानगर अध्यक्ष सलमान ने कहा कि देश के युवाओं को आज रोजगार और अवसरों की कमी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो युवाओं के भविष्य को सुरक्षित कर सकती है।
कार्यक्रम का संचालन यूथ कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष राजन बिरला द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि आज के युवाओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती रोजगार की है, लेकिन सरकार इस दिशा में कोई ठोस कदम उठाने में असफल रही है।
इस अवसर पर सेवादल महासचिव राजेश कुमार, हरिओम ठाकुर, शुभम शर्मा, रवि कुमार, वीरेंद्र ठाकुर, विश्वास ठाकुर, जिला सचिव प्रभजीत सिंह, भीम राजभर, ललित राजभर, विशाल राजभर, मनीष राजभर और राहुल राजभर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।








