शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद के थाना चिलकाना क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ट्रकों को सीज कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर दो पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया, जिस पर पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में अवैध खनन के विरुद्ध लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/थाना प्रभारी सिमरन सिंह (आईपीएस) के नेतृत्व में थाना चिलकाना पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान 31 मार्च 2026 को पठेड़ चेक पोस्ट पर तीन ट्रकों को संदिग्ध अवस्था में रोका गया। जांच के दौरान इन ट्रकों में अवैध खनन सामग्री के परिवहन की आशंका पाई गई। पकड़े गए तीनों ट्रकों को सीज कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया।
ट्रकों के पकड़े जाने के बाद मौके पर दो पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर वाहन पकड़वाने का आरोप लगाते हुए आमने-सामने आ गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए हालात को नियंत्रित किया और किसी बड़ी घटना को होने से बचा लिया।
पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में प्रथम पक्ष से शमशाद पुत्र जिन्दा निवासी ग्राम सुचेला देवा, समून पुत्र इनाम निवासी ग्राम दभेड़ा कलां तथा आजम पुत्र नाजिम निवासी ग्राम दभेड़ा कलां शामिल हैं। वहीं द्वितीय पक्ष से जुबैर पुत्र नाजिम एवं आमिर पुत्र तोय्यब निवासी ग्राम चको को भी हिरासत में लिया गया है। सभी के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई से स्पष्ट संकेत मिला है कि प्रशासन अवैध खनन पर पूरी तरह सख्त रुख अपनाए हुए है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।








