अरविंद कौशिक
कैराना (शामली)। कोतवाली कैराना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतर्राज्यीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक शामली के आदेशानुसार अपराधियों की धरपकड़ के लिए सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली प्रभारी समय पाल सिंह अत्री के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी।
गश्त के दौरान तीतरवाड़ा-डुढार मार्ग स्थित नहर पुलिया के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से बड़ी संख्या में अवैध हथियार बरामद हुए। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम शोयब निवासी ग्राम तीतरवाड़ा बताया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .32 बोर की 10 पिस्टल, .315 बोर के 5 देशी तमंचे, जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन तथा बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। इस बड़ी बरामदगी को क्षेत्र में हथियार तस्करी के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह मध्य प्रदेश के बुरहानपुर से अवैध हथियार लाता था, जहां अकरम नामक तस्कर रेलवे स्टेशन पर उसे हथियार उपलब्ध कराता था। आरोपी ने खुलासा किया कि वह व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से संपर्क करता था और नकद भुगतान कर हथियार खरीदता था। इसके बाद वह बाइक के जरिए हथियारों को अपने क्षेत्र में लाकर बेचता था।
आरोपी ने यह भी बताया कि वह अपने गांव के कादिर नामक व्यक्ति को हथियार सप्लाई करता था और पूर्व में भी कई बार उसे पिस्टल व तमंचे दे चुका है। पुलिस अब मुख्य सप्लायर कादिर की तलाश में जुटी हुई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 9/5/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध हथियारों के कारोबार को समाप्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।








