अरविंद कौशिक
शामली के नवीन कलेक्ट्रेट सभागार में आज एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) टूलकिट्स एवं प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत टूलकिट्स वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लाभार्थियों को स्वरोजगार के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए।
कार्यक्रम के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद को 350 अकुशल व्यक्तियों को प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें टूलकिट्स उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी लक्ष्य के अनुरूप आज आयोजित कार्यक्रम में चयनित लाभार्थियों को टूलकिट्स वितरित की गईं।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित शामली विधायक प्रसन्न चौधरी एवं मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी ने लाभार्थियों को टूलकिट्स प्रदान करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विशेष रूप से लौहकला (Iron Work) ट्रेड से जुड़े लाभार्थियों को टूलकिट्स दी गईं, जिससे वे अपने कौशल का उपयोग कर स्वरोजगार स्थापित कर सकें।
विधायक प्रसन्न चौधरी ने कहा कि ODOP योजना स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ-साथ रोजगार सृजन का एक मजबूत माध्यम बन चुकी है। उन्होंने लाभार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने हुनर का सही उपयोग कर न केवल अपनी आय बढ़ाएं बल्कि अपने परिवार और समाज के विकास में भी योगदान दें। साथ ही उन्होंने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की भी अपील की।
मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार तिवारी ने कहा कि प्रशिक्षण और टूलकिट्स वितरण के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की यह योजना ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा रही है।
कार्यक्रम में उपायुक्त उद्योग द्वारा बताया गया कि जनपद में ODOP योजना के अंतर्गत नियमित रूप से प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक लोग स्वरोजगार से जुड़ सकें और अपनी आजीविका को सुदृढ़ बना सकें।
इस अवसर पर उपायुक्त उद्योग श्रीमती रतिका गुप्ता, सहायक आयुक्त उद्योग रविंद्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम न केवल युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में भी एक सार्थक कदम माना जा रहा है।








