शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। महानगर के विभिन्न गिरजाघरों में Good Friday का पर्व श्रद्धा, भक्ति और गंभीरता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु चर्चों में एकत्र हुए और Jesus Christ के बलिदान को स्मरण करते हुए प्रार्थना सभाओं में भाग लिया।

कोर्ट रोड स्थित सेक्रेड हार्ट चर्च में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जहां फादर जॉन चिमन और अन्य धर्मगुरुओं ने प्रभु यीशु के जीवन, त्याग और प्रेम का संदेश दिया। इस दौरान गिरजाघर परिसर में यीशु मसीह के जीवन पर आधारित नाट्य रूपांतरण प्रस्तुत किया गया, जिसमें एक युवक ने यीशु का रूप धारण किया और सैनिकों के साथ सूली तक की यात्रा को दर्शाया गया। इस भावपूर्ण प्रस्तुति को देखकर श्रद्धालु भावुक हो उठे।
फादर जॉन चिमन ने अपने संदेश में बताया कि प्रभु यीशु ने मानवता के उद्धार के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया और सूली पर चढ़ते समय भी अपने विरोधियों को क्षमा किया। वहीं पादरी सोलोमन सिंह ने भी प्रार्थना कर श्रद्धालुओं को यीशु मसीह के चमत्कारों और उनके जीवन के संदेशों से अवगत कराया।
इसके अलावा गिल कॉलोनी स्थित सेंटेनरी एजी चर्च में भी विशेष आराधना सभा का आयोजन किया गया। पादरी राहुल राजन द्वारा प्रार्थना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके बाद चर्च के क्वायर दल ने भजनों की प्रस्तुति दी। सात अंतिम वचनों पर आधारित संदेश कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा।
पादरी सागर ने प्रभु यीशु के बलिदान और मानवता के प्रति उनके प्रेम को याद करते हुए लोगों से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन वरिष्ठ पादरी राजन पिल्लई की प्रार्थना के साथ हुआ, जिसमें विश्व शांति के लिए विशेष प्रार्थना की गई।
वहीं सेंट थॉमस चर्च में भी विशेष आराधना का आयोजन हुआ, जहां फादर संजय एबल सिंह ने बाइबल के सात वचनों पर प्रवचन दिया और बताया कि प्रभु यीशु का बलिदान मानव जाति के उद्धार का सर्वोच्च उदाहरण है। फादर डैनियल मसीह ने लोगों से अपने जीवन में प्रेम और क्षमा के भाव को अपनाने की अपील की।
इस अवसर पर सभी चर्चों में भजन-कीर्तन, प्रार्थनाएं और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और भावनात्मक बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और गणमान्य लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।








