शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। मोहल्ला कहारान स्थित शिव दुर्गा मंदिर में सृष्टि के रचयिता महर्षि कश्यप जी की जयंती बड़े हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने कार्यक्रम में भाग लेते हुए कश्यप समाज के लोगों के साथ मिलकर आयोजन को भव्य रूप दिया और महर्षि कश्यप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत हवन-पूजन के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। हवन के उपरांत सभी उपस्थित लोगों ने महर्षि कश्यप की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। आयोजन के अंत में प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस मौके पर अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने कहा कि महर्षि कश्यप का जीवन समाज को ज्ञान, त्याग और समरसता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कश्यप समाज के लोगों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया और सभी को जयंती की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में राजेश कश्यप, बिल्ला कश्यप, प्रेम कश्यप, विजय कश्यप, विनय कश्यप, दिनेश कश्यप, रवि कश्यप, डॉ. बॉबी, दीपक कश्यप, रमन कश्यप, अनमोल कश्यप, कुणाल कश्यप और अर्जुन कश्यप सहित बड़ी संख्या में कश्यप समाज के लोग उपस्थित रहे। आयोजन ने पूरे क्षेत्र में धार्मिक और सामाजिक एकता का संदेश दिया।








