शहरी चौपाल ब्यूरो
देवबंद। त्यागी ब्राह्मण समाज द्वारा आगामी 10 मई को भगवान परशुराम जन्मोत्सव धूमधाम के साथ मनाने का निर्णय लिया गया है। इस अवसर पर नगर में एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसके बाद एक विशाल जनसभा का आयोजन भी किया जाएगा। समाज के पदाधिकारियों ने इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए 50 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य निर्धारित किया है।
रविवार को देवबंद की मिश्रा कॉलोनी स्थित ब्राह्मण धर्मशाला में आयोजित संयुक्त बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष रोहित कौशिक ने बताया कि कार्यक्रम को भव्य रूप देने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और आसपास के जिलों से भी लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम का जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और उनके जन्मोत्सव को बड़े स्तर पर मनाना समाज की जिम्मेदारी है।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि समाज को अपने महापुरुषों के सम्मान के लिए एकजुट होना चाहिए। त्यागी भूमिहार ब्राह्मण सभा के अध्यक्ष अजय त्यागी और राष्ट्रवादी नवनिर्माण दल के जिला अध्यक्ष अवनीश उर्फ बिट्टू ने कहा कि जो समाज अपने महापुरुषों का सम्मान नहीं करता, वह समय के साथ कमजोर पड़ जाता है। उन्होंने सभी से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाएं।
पंडित शुभम वत्स ने जानकारी दी कि इस आयोजन के लिए सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में निमंत्रण भेजे जाएंगे, जिससे बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में भाग ले सकें। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा के बाद आयोजित जनसभा में समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी।
बैठक में शुभम वत्स, मोहित गौतम, अजय त्यागी, दीपक त्यागी, विशाल त्यागी, अनुज शर्मा, ईशान गौड़, तुषार शर्मा, अवनीश उर्फ बिट्टू त्यागी, मनीष पंडित, मनोज भारद्वाज और विनय पंडित सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है और इसे सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।








