शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में पांवधोई नदी को स्वच्छ बनाने के लिए चलाए जा रहे सफाई अभियान का भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने निरीक्षण किया और कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। यह अभियान जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर निगम द्वारा लगातार चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य नदी को प्रदूषण मुक्त करना और शहर के पर्यावरण को बेहतर बनाना है।
भारतीय उद्योग किसान व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष नुसरत साबरी अपने साथ जिला कोषाध्यक्ष कनिष्क जैन को लेकर बाबा लालदास रोड पहुंचे, जहां उन्होंने मौके पर चल रहे सफाई कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान नगर निगम की टीम पोकलेन मशीन की सहायता से नदी में जमी गंदगी को बाहर निकालने का कार्य कर रही थी। सफाई कार्यों की निगरानी सुपरवाइजर मनमोहन सिंह अपनी टीम के साथ कर रहे थे।
व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने बताया कि यह अभियान जिलाधिकारी Manish Bansal के दिशा-निर्देशों पर चलाया जा रहा है, जिसमें नगर आयुक्त शिपू गिरि और मेयर डॉ. अजय कुमार सिंह के मार्गदर्शन में कार्यों को गति दी जा रही है। निरीक्षण के दौरान पदाधिकारियों ने कहा कि जिस प्रकार वर्ष 2015 में तत्कालीन जिलाधिकारी आलोक कुमार के नेतृत्व में पांवधोई नदी की सफाई कर उसे स्वच्छ और सुंदर बनाने का प्रयास किया गया था, उसी प्रकार इस बार भी प्रभावी और स्थायी सफाई कार्य किया जाना चाहिए।
नुसरत साबरी ने सफाई कार्यों पर संतोष जताते हुए कहा कि यदि इसी तरह नियमित रूप से अभियान चलाया गया तो पांवधोई नदी को पुनः स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है। उन्होंने आसपास के व्यापारियों और नागरिकों से अपील की कि वे भी इस अभियान में सहयोग करें और नदी में कचरा या गंदगी न डालें, जिससे सफाई प्रयासों को स्थायी सफलता मिल सके।
उन्होंने कहा कि शहर की नदियों और जल स्रोतों को स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। प्रशासन और नगर निगम के साथ-साथ आम नागरिकों की भागीदारी से ही इस तरह के अभियान सफल हो सकते हैं। निरीक्षण के दौरान मौजूद पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में पांवधोई नदी एक बार फिर स्वच्छता का उदाहरण बनेगी।








