शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद के थाना तीतरों पुलिस ने मोबाइल छिनैती की घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के 6 मोबाइल फोन, 95 हजार रुपये नगद और एक स्क्रूड्राइवर सेट बॉक्स बरामद किया है। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 27 मार्च 2026 को शामली जनपद के आबादगढ़ निवासी नितिन कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना तीतरों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष विकास चारण के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सघन जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर 6 अप्रैल 2026 को सालियर नहर पटरी के पास से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अहसन उर्फ हसन निवासी पांडोली (नागल), शाकिब निवासी संगम विहार कॉलोनी खाताखेड़ी और मोहम्मद माजिद निवासी इंद्रा कॉलोनी (बेहट) के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी अहसन उर्फ हसन ने खुलासा किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर राह चलते लोगों से मोबाइल छीनने की कई घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी किए गए मोबाइल फोन वह शाकिब और मोहम्मद माजिद को बेच देता था। इन मोबाइलों के बदले उसे करीब 44 हजार रुपये प्राप्त हुए थे।
पुलिस के मुताबिक बरामद किए गए सभी मोबाइल आसपास के क्षेत्रों में हुई छिनैती और चोरी की घटनाओं से जुड़े हुए हैं। साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराएं भी बढ़ाई गई हैं और मामले की गहन जांच जारी है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष विकास चारण, उपनिरीक्षक सुशील कुमार, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार (सर्विलांस), हनी सिंह, नाथीराम, कृष्ण कुमार और कांस्टेबल रवि कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और उनसे जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा किया जाएगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।








