अम्बेडकर जयंती व वीवीआईपी कार्यक्रमों को लेकर सहारनपुर में हाई अलर्ट, एडीजी मेरठ जोन की सख्त हिदायत

सहारनपुर में अम्बेडकर जयंती और वीवीआईपी कार्यक्रमों को लेकर पुलिस अलर्ट। एडीजी मेरठ जोन ने बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के सख्त निर्देश दिए।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। आगामी डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती एवं जनपद में प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रमों को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में गुरुवार को एक उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

यह बैठक अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर सहित जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अम्बेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के मद्देनजर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध और प्रभावी तरीके से सुनिश्चित की जाएं। विशेष रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

इसके अलावा वीवीआईपी कार्यक्रमों की सुरक्षा तैयारियों पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रत्येक कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं को भी प्राथमिकता के आधार पर मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

अपर पुलिस महानिदेशक ने स्पष्ट किया कि सहारनपुर रेंज के सभी जनपदों में व्यापक और कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जाएं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अग्रिम तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।

बैठक में कानून-व्यवस्था की समग्र स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को क्षेत्र में निरंतर गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने और खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी नजर बनाए रखने को कहा गया, ताकि किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे शांति और सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य