नकुड़ में भाकियू का जोरदार प्रदर्शन, किसानों ने एसडीएम कार्यालय पर उठाई समस्याओं की आवाज

नकुड़ में भाकियू के बैनर तले किसानों ने एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर अपनी समस्याएं उठाईं। एसडीएम ने समाधान का आश्वासन दिया, किसानों ने चेतावनी दी आंदोलन तेज होगा।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

नकुड़ (सहारनपुर)। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के बैनर तले किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर तहसील परिसर स्थित एसडीएम कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने नारेबाजी कर प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। बाद में एसडीएम सुरेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर किसानों से वार्ता की और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।

प्रदर्शन से पूर्व भाकियू की मासिक पंचायत का आयोजन ब्लॉक सभागार में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। पंचायत की अध्यक्षता करते हुए मंडल अध्यक्ष अशोक कुमार ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक अधिकारी किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं और लगातार उनकी अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा, जिससे किसानों में रोष बढ़ता जा रहा है।

पंचायत के बाद सभी किसान एकजुट होकर नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर पहुंचे और एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। स्थिति को देखते हुए एसडीएम सुरेंद्र कुमार और क्षेत्राधिकारी रुचि गुप्ता मौके पर पहुंचे और किसानों को शांत कराया।

किसानों ने एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। इनमें राजस्व खतौनी में दर्ज त्रुटियों को ठीक कराने, गांव डाल्लेमजरा में चकबंदी के बावजूद जमीन पर कब्जा दिलाने, बरसात के मौसम में फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, नकली कीटनाशकों की बिक्री पर रोक लगाने तथा सामाजिक स्तर पर लिए गए निर्णयों को पुलिस द्वारा मान्यता देने जैसी मांगें शामिल थीं।

एसडीएम ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लिया जाएगा और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देकर जल्द समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान मेवाराम, संजय चौधरी, फखरुद्दीन, योगेश चौधरी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन को और उग्र रूप देने के लिए बाध्य होंगे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य