शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर । जनपद में निराश्रित एवं बेसहारा गोवंश के संरक्षण और उनके भरण-पोषण के लिए संचालित अस्थाई गोवंश आश्रय स्थलों हेतु प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील की है। प्रशासन ने नागरिकों से भूसा, हरा चारा और चोकर आदि दान करने का आह्वान किया है, ताकि गोवंश की उचित देखभाल सुनिश्चित की जा सके।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एम.पी. सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के सभी विकास खंडों में गोवंश आश्रय स्थल संचालित किए जा रहे हैं, जहां बड़ी संख्या में निराश्रित गोवंश को रखा गया है। इन गोवंशों के लिए नियमित रूप से पर्याप्त मात्रा में चारे की आवश्यकता होती है, जिसे पूरा करने में जनसहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने जनपदवासियों, पशुप्रेमियों और गोसेवा में आस्था रखने वाले लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक मात्रा में भूसा, हरा चारा एवं अन्य खाद्य सामग्री दान कर इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभाएं। इच्छुक व्यक्ति अपने निकटतम खंड विकास अधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी या संबंधित गोवंश आश्रय स्थल से संपर्क कर दान दे सकते हैं।
डॉ. सिंह ने यह भी बताया कि जो व्यक्ति वस्तु के रूप में दान देने में असमर्थ हैं, वे नकद धनराशि के रूप में भी सहयोग कर सकते हैं। इसके लिए दानदाता संबंधित अधिकारियों को धनराशि देकर विधिवत रसीद प्राप्त कर सकते हैं।
प्रशासन द्वारा दानदाताओं को प्रोत्साहित करने के लिए एक विशेष पहल की गई है। इसके तहत जो व्यक्ति न्यूनतम 10 कुन्तल भूसा या 11 हजार रुपये की धनराशि दान करेगा, उसे प्रशासन की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा, ऑनलाइन दान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इच्छुक दानदाता एक्सिस बैंक, सहारनपुर स्थित “निराश्रित पशु एवं गोवंश आश्रय स्थल” खाते में सीधे धनराशि हस्तांतरित कर सकते हैं।
प्रशासन ने कहा कि गोवंश की सेवा केवल सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि एक पुण्य का कार्य भी है। ऐसे में अधिक से अधिक लोग आगे आकर इस अभियान से जुड़ें और निराश्रित गोवंश के संरक्षण में अपना योगदान दें।








