सहारनपुर में गुर्जर संसद व प्रतिभा सम्मान समारोह, शिक्षा और सामाजिक एकजुटता पर जोर

सहारनपुर में आयोजित गुर्जर संसद एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में समाज की एकजुटता, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। प्रतिहार महासंघ के तत्वावधान में गांधी पार्क स्थित जनमंच सभागार में आयोजित गुर्जर संसद एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में समाज की एकजुटता, शिक्षा और राजनीतिक सशक्तिकरण को लेकर व्यापक मंथन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के प्रबुद्धजन, जनप्रतिनिधि एवं युवा प्रतिभाएं शामिल हुईं।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा समाज के वृद्धजनों एवं प्रेरणास्रोत महापुरुषों के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद गुर्जर संसद की कार्यवाही शुरू हुई, जिसमें वक्ताओं ने समाज के विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से अपने विचार रखे।

वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि वर्तमान समय में समाज को संगठित रहना अत्यंत आवश्यक है। आपसी मतभेदों को समाप्त कर सामूहिक रूप से आगे बढ़ने से ही समाज का समग्र विकास संभव है। उन्होंने शिक्षा को समाज की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए कहा कि जब तक समाज शिक्षित और जागरूक नहीं होगा, तब तक वह विकास की मुख्यधारा में पूरी तरह शामिल नहीं हो सकता।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना होगा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। इसके साथ ही गुर्जर रेजिमेंट के गठन तथा डी-नोटिफाइड ड्राइव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को सदन में उठाने का आश्वासन भी दिया गया।

महिला सशक्तिकरण को लेकर भी कार्यक्रम में गंभीर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे लाना समय की मांग है। 33 प्रतिशत आरक्षण लागू होने की दिशा में बढ़ते कदमों को देखते हुए समाज की बेटियों को नेतृत्व के लिए तैयार करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आगे बढ़ेंगी, तभी समाज वास्तविक रूप से सशक्त होगा।

इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं एमएलसी चौधरी वीरेंद्र सिंह, राज्य मंत्री सोमेंद्र तोमर, सांसद इकरा हसन, समाजसेवी नेपाल सिंह कसाना, विधायक अतुल प्रधान, जिला पंचायत अध्यक्ष शामली मनोज चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष हरिद्वार किरण चौधरी, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी रूद्र सेन, विधायक कीरत सिंह, मुकेश चौधरी, पूर्व विधायक महिपाल सिंह माजरा, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष चौधरी राजपाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख सुभाष चौधरी, चंदन चौहान सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अपने विचार रखे और समाज के उत्थान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विशेष रूप से ‘पुश-अप मैन ऑफ इंडिया’ के नाम से प्रसिद्ध रोहतास चौधरी को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे युवाओं में उत्साह और प्रेरणा का संचार हुआ।

कार्यक्रम का संचालन प्रवेश गुर्जर द्वारा प्रभावी रूप से किया गया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए समाज के उज्जवल भविष्य की कामना की।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य