शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। शहर के आवास विकास क्षेत्र में सीएम ग्रिड फेस-2 के अंतर्गत बनने वाली महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण कार्य का शुभारंभ शिला पूजन के साथ विधिवत रूप से किया गया। इस अवसर पर महापौर डॉ. अजय कुमार, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, कार्यक्रम अध्यक्ष एवं आवास विकास वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्षद और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित सोनू पाराशर द्वारा विधि-विधान से शिला पूजन कराया गया। इसके बाद महापौर, पूर्व सांसद एवं अन्य अतिथियों ने नारियल फोड़कर सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
इस मौके पर महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत शहर में चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि हकीकत नगर क्षेत्र में फेस-1 के बाद अब फेस-2 के तहत सड़क निर्माण कार्य शुरू किया गया है, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
महापौर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में विकास की नई दिशा तय हो रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दृढ़ संकल्प के कारण ही इस प्रकार की योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि ढमोला नदी की सफाई एवं क्रेगी नाले के विकास के लिए भी लगभग दस-दस करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा।
पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में वर्तमान सरकार के कार्यकाल में विकास की गति तेज हुई है और प्रदेश एक मॉडल राज्य के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि सुशासन और पारदर्शिता के कारण प्रदेश की पहचान पूरे देश में मजबूत हुई है। उन्होंने सीएम ग्रिड फेस-2 के अंतर्गत सड़क निर्माण की स्वीकृति के लिए महापौर के प्रयासों की सराहना की।
मुख्य अभियंता निर्माण सुरेश कुमार ने परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 2 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर 38 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत आएगी। यह सड़क आधुनिक मानकों के अनुसार बनाई जाएगी, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में किसान नेता अनिल महाला, भाजपा के पूर्व नगराध्यक्ष हेमंत अरोड़ा, अमित गगनेजा एवं अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखते हुए इस परियोजना को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम संयोजक एवं पार्षद दिग्विजय चौहान ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक पुरुषोत्तम कुमार, सहायक नगर आयुक्त विकासधर दुबे, एई मदनपाल, पार्षद मोहर सिंह, सुलेख चंद, ज्योति अग्रवाल, वीरेंद्र उपाध्याय, राजू जाटव, सोपिन पाल, राजेंद्र कोहली, संजय सैनी, शिवमंगल, विनोद सैनी, परविंदर तोमर, संदीप चौधरी, स्वराज सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. वीरेन्द्र आजम द्वारा किया गया।








