शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज़ (CIS) के अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी के नेतृत्व में आयोजित होने वाला वार्षिक समारोह ‘समन्वय-2026’ आज 11 अप्रैल को सायं 5:15 बजे जनमंच प्रेक्षागृह (स्व. सेठ गंगा प्रसाद माहेश्वरी सभागार) में आयोजित किया जाएगा।
रविंद्र मिगलानी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी सहारनपुर पहुंच रहे हैं, जो विभिन्न राष्ट्रीय और समसामयिक विषयों पर अपने विचार रखेंगे। साथ ही अंतरराष्ट्रीय योग गुरु स्वामी भारत भूषण की आशीर्वचन उपस्थिति कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएगी।
अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी ने बताया कि जनमंच सभागार में लगभग 1000 लोगों के बैठने की व्यवस्था है और उतने ही एंट्री पास निशुल्क जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त करीब 100 कुर्सियों की अलग से व्यवस्था की गई है, ताकि वीआईपी मेहमानों के साथ आने वाले अतिरिक्त लोगों को भी बैठने की सुविधा मिल सके। पत्रकारों के लिए भी अलग से बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम में प्रवेश केवल पास के माध्यम से ही होगा और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभागार के अंदर और बाहर पुलिस एवं स्वयंसेवकों की तैनाती रहेगी, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
रविंद्र मिगलानी ने बताया कि ‘समन्वय’ कार्यक्रम की परंपरा रही है कि हर वर्ष किसी बड़े और प्रभावशाली व्यक्तित्व को आमंत्रित किया जाता है। उन्होंने बताया कि पहले समन्वय में प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुरदास मान को आमंत्रित किया गया था, उसके बाद सोनू निगम ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई, जबकि पिछले वर्ष कुमार विश्वास ने अपनी काव्य प्रस्तुति से लोगों को मंत्रमुग्ध किया था।
इस वर्ष डॉ. सुधांशु त्रिवेदी को आमंत्रित किया गया है, जिससे कार्यक्रम को एक नई बौद्धिक दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
अध्यक्ष ने शहरवासियों से अपील की है कि वे समय से पूर्व पहुंचकर कार्यक्रम का हिस्सा बनें और इस आयोजन को सफल बनाएं।








