शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना गागलहेड़ी पुलिस ने लूट की झूठी कहानी रचकर लाखों रुपये गबन करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 10 लाख 50 हजार रुपये नगद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 5 अप्रैल 2026 को वादी सोम शर्मा निवासी हरिद्वार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ललित कुमार ने लूट की झूठी घटना दिखाकर 12 लाख 80 हजार रुपये हड़प लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान यह सामने आया कि पूरी घटना फर्जी थी और पैसे गबन करने के उद्देश्य से लूट की कहानी बनाई गई थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों—ललित कुमार, विनय कुमार और रोहित उर्फ प्रदीप—को भगवानपुर रोड से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 10 लाख 50 हजार रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (नंबर UK08BJ0233) बरामद की गई है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भी तलाश की जा रही है।








