शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज़ (CIS) के तत्वावधान में आयोजित वार्षिक समारोह ‘समन्वय-2026’ जनमंच प्रेक्षागृह (स्व. सेठ गंगा प्रसाद माहेश्वरी सभागार) में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सुधांशु त्रिवेदी शामिल हुए।
उनका स्वागत महापौर डॉ. अजय सिंह, नगर विधायक राजीव गुम्बर, नकुड़ विधायक मुकेश चौधरी, रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम, पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा तथा महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई द्वारा बुके भेंट कर किया गया। आयोजन समिति ने गुलाब की पंखुड़ियों से उनका भव्य अभिनंदन किया, जिससे सभागार में उत्साहपूर्ण वातावरण बन गया।
इस दौरान मंच पर एक विशेष क्षण तब देखने को मिला जब अंतरराष्ट्रीय योगाचार्य स्वामी भारत भूषण ने अपने हाथों से सुधांशु त्रिवेदी को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। इस सम्मान ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया और उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ इस पल का स्वागत किया।
भारत बन रहा वैश्विक शक्ति: त्रिवेदी
अपने संबोधन में सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि आज भारत आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर तेजी से उभरती शक्ति बन चुका है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिष्ठा निरंतर मजबूत हो रही है।
उन्होंने डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन अभियानों ने युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के व्यापक अवसर प्रदान किए हैं।
यूपी बना निवेश का केंद्र
उत्तर प्रदेश के विकास पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में आधारभूत ढांचे का तेजी से विस्तार हुआ है। एक्सप्रेस-वे, औद्योगिक निवेश और बेहतर कानून व्यवस्था के कारण प्रदेश निवेशकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है।
उन्होंने कहा कि पारदर्शी नीतियों के चलते व्यापार करना आसान हुआ है और विदेशी निवेश में भी बढ़ोतरी हुई है, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है।
‘समन्वय’ बना उद्योग और समाज का मजबूत मंच
कार्यक्रम में CIS अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी ने कहा कि ‘समन्वय’ कार्यक्रम उद्योग, समाज और राष्ट्रहित के बीच सामंजस्य स्थापित करने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने सभी से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
योग और सकारात्मक सोच पर जोर
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अंतरराष्ट्रीय योग गुरु स्वामी भारत भूषण ने अपने आशीर्वचन में कहा कि सकारात्मक सोच, स्वस्थ जीवनशैली और योग के माध्यम से ही सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
देशभक्ति से सराबोर रहा सांस्कृतिक कार्यक्रम
कार्यक्रम में कवित्री कविता चौधरी एवं आस्था शर्मा ने अपनी ओजपूर्ण प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने देशभक्ति से ओतप्रोत कविताएं सुनाईं, जिनमें ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे विषयों पर भी प्रभावशाली रचनाएं प्रस्तुत की गईं।
इस दौरान “वंदे मातरम” की विशेष प्रस्तुति ने पूरे सभागार को भावुक कर दिया। जैसे ही संगीत शुरू हुआ, सभी लोग अपनी सीटों से खड़े हो गए और पूरे सम्मान के साथ गीत समाप्त होने तक एक स्थान पर खड़े रहे।
सुधांशु त्रिवेदी ने भी “वंदे मातरम” के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए और अपने संबोधन के दौरान संकेतों के माध्यम से राष्ट्रभावना को गहराई से प्रस्तुत किया, जिसे श्रोताओं ने खूब सराहा।
प्रेरणादायक रहा पूरा आयोजन
समारोह पूरे समय अनुशासित, प्रेरणादायक और राष्ट्रहित के संदेश से ओतप्रोत रहा। बड़ी संख्या में उद्योगपति, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया।
‘समन्वय-2026’ ने उद्योग, समाज और राष्ट्र के बीच संवाद को मजबूत करते हुए विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक सकारात्मक संदेश दिया।








