शहरी चौपाल ब्यूरो
नकुड़ (सहारनपुर)। ग्राम बाधी में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं संत शिरोमणि संत रविदास स्मारक के उद्घाटन समारोह में प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री Asim Arun ने कहा कि बाबा साहेब के सपनों को आज सरकार साकार कर रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में विकास तथा सामाजिक न्याय की दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है।
मंत्री असीम अरुण ने संत रविदास के “सबका सम्मान” के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार व्याप्त था, लेकिन वर्तमान सरकार में लाखों युवाओं को बिना सिफारिश और खर्च के रोजगार मिला है, जिससे पारदर्शिता और विश्वास बढ़ा है।
कार्यक्रम में नकुड़ विधायक मुकेश चौधरी ने लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बने इस स्मारक के लिए सरकार का आभार जताया। समारोह की अध्यक्षता पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी ने की और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की सराहना की।
इस अवसर पर संत अजब दास, बेगराज दास, पूर्व विधायक महिपाल सिंह माजरा, भाजपा नेता पवन सिंह राठौर, पवन सिंह रावल, ग्राम प्रधान मदन पाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी के बीच कार्यक्रम सामाजिक समरसता और एकता का संदेश देता नजर आया।








