शहरी चौपाल ब्यूरो
नकुड़ (सहारनपुर)। नगर में श्री श्याम दीवाना सेवा मंडल (रजि.) के तत्वावधान में केएलजीएम इंटर कॉलेज प्रांगण में शनिवार शाम बाबा खाटू श्याम का पांचवां वार्षिकोत्सव अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा वातावरण भजनों व जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा श्याम की पावन ज्योत प्रज्वलित कर विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन से हुआ। इस दौरान बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया गया और भव्य दिव्य दरबार सजाया गया। अलौकिक श्रृंगार और इत्र वर्षा के बीच श्रद्धालुओं ने गहरी आस्था के साथ पूजा-अर्चना की। नीरज गोयल, डॉ. विनय गोयल और शिवम गर्ग ने परिवार सहित विधिवत पूजन कराया, जबकि मयंक सिंघल ने पावन ज्योत प्रज्वलित की।
श्याम संकीर्तन के दौरान क्षेत्रीय विधायक मुकेश चौधरी, नगर मंडल अध्यक्ष आलोक जैन और मयंक चौधरी ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर श्याम दीवाना सेवा मंडल की ओर से अतिथियों को बाबा की छवि भेंट कर अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया।
भजन संध्या में गायक हरीश नामदेव ने “रिद्धि सिद्धि के दाता जी मदद मेरी आज करो” भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं गायक शिवम सुखीजा और अंकित शर्मा ने मधुर भजनों की प्रस्तुति से माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया। भजन गायिका परविंदर पलक ने “मैं जाऊंगा कहां, बस रहूंगा यहां” सहित कई भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम में आए श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और भंडारे की समुचित व्यवस्था की गई थी। समिति के सदस्यों द्वारा सभी भक्तों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया, जिससे आयोजन में आत्मीयता का विशेष भाव दिखाई दिया।
इस अवसर पर वैभव गोयल, निशु बंसल, विकास रोहिला, शिवम मित्तल, वरुण मित्तल, दीपक गोयल, अक्षय सिंघल, संयम जैन, वर्धन जैन, लक्ष्य सिंघल, हर्षित गोयल, सत्यम मित्तल, मणिक सिंघल, सचिन बंसल, विशाल मित्तल, गौरव वर्मा, विशाल गुप्ता, नीरज सिंघल, विनीत शर्मा, सचिन नामदेव, यमन मित्तल, प्रशांत प्रधान, डॉ. गौरव, मनप्रीत ठाकुर, दीपक चौधरी, दिव्यांशु, आदेश, नीरज सैनी सहित समिति के सभी सदस्यों का सराहनीय सहयोग रहा।
कार्यक्रम देर रात तक श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के अद्भुत संगम के रूप में चलता रहा और श्रद्धालु बाबा श्याम के भजनों में लीन नजर आए।








