शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण और अवैध असलहा कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मिर्जापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की जा रही कार्रवाई के क्रम में पुलिस टीम ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी बेहट के निकट पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह के नेतृत्व में 12 अप्रैल 2026 को गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने प्याजगढ़ की पुलिया के पास से संदिग्ध अवस्था में एक व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान रविन्द्र कुमार पुत्र परखा निवासी ग्राम इस्लामपुर घसौली थाना कांधला जिला शामली के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा .315 बोर और दो जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद हुए।
बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ थाना मिर्जापुर में मु0अ0सं0 111/26 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसे समय से न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक संजय कुमार, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र कुमार और कांस्टेबल अमित कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।








