शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर निगम सहारनपुर द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता जागरूकता अभियान को अब नई दिशा दी जा रही है, जिसमें बच्चों को भी सक्रिय भागीदार बनाया जा रहा है। इसी क्रम में मनोहरपुर स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत नगर निगम ने आईटीसी मिशन सुनहरा कल और उमंग सुनहरा कल सेवा समिति के सहयोग से स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान बच्चों को घरों से निकलने वाले कूड़े के सही प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि यदि गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग नहीं किया जाता तो इससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचता है। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया गया। बच्चों को यह भी प्रेरित किया गया कि वे अपने घर जाकर अपने माता-पिता और आसपास के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।
नगर निगम का मानना है कि यदि बच्चों में शुरू से ही स्वच्छता की आदत विकसित की जाए, तो वे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। इसी सोच के तहत बच्चों को इस अभियान का अहम हिस्सा बनाया जा रहा है।
इसके अलावा नगर निगम, उमंग सुनहरा कल सेवा समिति और युवा मोहल्ला समिति द्वारा क्षेत्रीय लोगों के साथ एक जन-जागरूकता बैठक का भी आयोजन किया गया। बैठक में मोहल्ला वासियों को उनके घरों से निकलने वाले गीले, सूखे और हानिकारक घरेलू कचरे को अलग-अलग करके सफाई मित्रों को देने की अपील की गई।
बैठक में उपस्थित लोगों को होम कंपोस्टिंग के बारे में भी जानकारी दी गई और उन्हें सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद कर कपड़े के थैले अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सभी नागरिकों से अपने-अपने वार्ड को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग करने का संकल्प भी दिलाया गया।
नगर निगम के इस प्रयास को क्षेत्रीय लोगों और अभिभावकों ने सराहा और इसे समाज में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।








