शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। संत शिरोमणि सतगुरु रविदास जी की भव्य प्रतिमा स्थापना को लेकर सहारनपुर में सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों की मांग तेज हो गई है। इसी क्रम में विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन नगर विधायक राजीव गुंबर को सौंपा।
ज्ञापन में मांग की गई कि सहारनपुर शहर के प्रमुख स्थानों—रेलवे स्टेशन के निकट लकड़ी पुल, रेलवे क्वार्टर तिराहा, लोको पायलट विश्राम गृह के पास तथा उत्तरी रेलवे मजदूर यूनियन कार्यालय के सामने संत रविदास जी की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाए। सामाजिक संगठनों का कहना है कि यह मांग लंबे समय से चली आ रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ज्ञापन देने पहुंचे प्रतिनिधियों ने नगर विधायक से मुलाकात कर कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संतों, महापुरुषों और समाज सुधारकों के सम्मान में कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर से जुड़े विकास कार्यों सहित विभिन्न धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का विकास किया गया है, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश गया है।
प्रतिनिधियों ने बताया कि सहारनपुर जैसे बड़े नगर में अभी तक संत रविदास जी के नाम पर कोई प्रमुख चौक या भव्य प्रतिमा नहीं है, जिससे समाज के लोगों में निराशा है। उनका कहना है कि संत रविदास ने समाज में समानता, भाईचारे और सामाजिक न्याय का जो संदेश दिया, वह आज भी प्रासंगिक है और नई पीढ़ी को प्रेरित करता है।
सामाजिक संगठनों ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए उक्त स्थानों में से किसी उपयुक्त स्थान पर संत रविदास जी की भव्य प्रतिमा स्थापित कराई जाए, जिससे न केवल उनकी स्मृति को सम्मान मिलेगा, बल्कि समाज में एक सकारात्मक संदेश भी जाएगा।
इस मांग को लेकर श्री गुरु रविदास विश्व महापीठ, लोकहित चैरिटेबल ट्रस्ट, अखिल भारतीय अनुसूचित जाति/जनजाति कर्मचारी कल्याण संघ सहित कई संगठनों ने अपना समर्थन जताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में इस मांग को जल्द पूरा करने की अपील की।








