सहारनपुर। सहारनपुर की शाम अब देखने लायक हो गई है। सांझ ढलते ही पूरा शहर रंगीन रोशनी में नहा उठता है और हर ओर जगमगाहट का मनमोहक दृश्य देखने को मिलता है। शहर के प्रमुख चौराहों, सड़कों और पुलों को इस तरह सजाया गया है कि सहारनपुर अब एक नई पहचान के साथ नजर आ रहा है।
महानगर के हसनपुर चौक पर लगा रंग-बिरंगा फव्वारा इस समय लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। फव्वारे के साथ रंगीन लाइटों की झिलमिलाहट ऐसा दृश्य प्रस्तुत कर रही है, जिसे देखने के लिए लोग शाम के समय विशेष रूप से यहां पहुंच रहे हैं।
महापौर अजय सिंह के मार्गदर्शन और नगरायुक्त शिपू गिरी के निर्देश पर शहर को साफ-सफाई के साथ-साथ आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया है। तिरंगा लाइटों और रंगीन झालरों ने शहर को एक अलग ही स्वरूप प्रदान किया है, जो हर किसी का मन मोह रहा है।
शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर घूमते हुए लोग इस रोशनी का आनंद लेते नजर आ रहे हैं। कोर्ट रोड, अस्पताल रोड पुल, अंबाला रोड पुल और शारदानगर पुल पर भी तिरंगा लाइटों की विशेष सजावट की गई है, जो रात के समय बेहद आकर्षक लगती है।
पथ प्रकाश प्रभारी वी.बी. सिंह के अनुसार महानगर के घंटाघर, अग्रसेन चौक, विश्वकर्मा चौक, अंबेडकर चौक और चौधरी चरण सिंह चौक सहित कई प्रमुख स्थानों को विशेष लाइटिंग से सजाया गया है। इसके अलावा कोर्ट रोड से हसनपुर चुंगी, अग्रसेन चौक से कचहरी पुल, रेलवे स्टेशन से घंटाघर, जीपीओ से घंटाघर और देहरादून चौक से नौगजा पीर तक के मार्गों को तिरंगा और गोल्डन लाइटों से जगमगाया गया है।
कांवड़ मार्ग यानी देहरादून रोड पर विशेष रूप से नियोन लाइट लगाई गई हैं, जिनमें शंख, कलश और त्रिशूल जैसी आकृतियां शहर की सांस्कृतिक पहचान को दर्शा रही हैं।
कुल मिलाकर सहारनपुर इन दिनों रोशनी और रंगीनियों से सराबोर नजर आ रहा है, जहां हसनपुर चौक का फव्वारा शहर की खूबसूरती में चार चांद लगा रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।








