शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। शहर में आवारा कुत्तों से होने वाले खतरे को कम करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा चलाया जा रहा एंटी रेबीज टीकाकरण अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम मे नगर निगम की टीम दिल्ली रोड स्थित सेंट्रल पार्क कॉलोनी में पहुंची, जहां कुत्तों को पकड़कर उन्हें एंटी रेबीज के टीके लगाए गए।
नगर निगम की टीम ने कॉलोनी में अभियान चलाते हुए लगभग पांच कुत्तों को पकड़ा और उन्हें टीकाकरण किया। टीका लगाए जाने के बाद संबंधित कुत्तों पर पहचान के लिए पेंट का निशान भी लगाया गया, ताकि भविष्य में उनकी पहचान की जा सके और दोबारा टीकाकरण की आवश्यकता न पड़े।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान शहर के विभिन्न गली-मोहल्लों में लगातार चलाया जा रहा है, ताकि रेबीज जैसी गंभीर बीमारी से लोगों को सुरक्षित रखा जा सके। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि अधिक से अधिक कुत्तों का टीकाकरण समय पर हो सके।
स्थानीय कॉलोनीवासियों ने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान से न केवल लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ती है, बल्कि बच्चों और बुजुर्गों को भी आवारा कुत्तों के खतरे से राहत मिलती है।
नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और यदि उनके क्षेत्र में ऐसे कुत्ते हैं जिन्हें अभी तक टीका नहीं लगा है, तो इसकी सूचना निगम को दें, ताकि समय रहते उनका टीकाकरण कराया जा सके।








