शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । सहारनपुर की तहसील रामपुर मनिहारान में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 30 शिकायतें दर्ज की गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष बंसल ने की, जिन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
समाधान दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों में सबसे अधिक 21 मामले राजस्व विभाग से जुड़े रहे। इसके अलावा पूर्ति विभाग की 5, विद्युत विभाग की 2 और पुलिस विभाग की 2 शिकायतें भी दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि जनशिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम मनीष बंसल ने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों के त्वरित और निष्पक्ष समाधान के लिए प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर कार्य किया जाए, ताकि विवादों का स्थायी समाधान हो सके और कानून-व्यवस्था भी बनी रहे। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शासन द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर समस्याओं का निस्तारण करें और शिकायतकर्ताओं को संतुष्टि दिलाने का प्रयास करें।
इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने भी पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए उनका गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग को जनता के विश्वास को बनाए रखने के लिए संवेदनशील और जवाबदेह बनना होगा।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, डीएफओ शुभम सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रवीण कुमार, उपजिलाधिकारी पूर्वा, पीडी डीआरडीए प्रणय कृष्ण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से प्रशासन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए शासन और प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर शिकायत का प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।







