शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। संत निरंकारी मिशन द्वारा 24 अप्रैल 2026 को ‘मानव एकता दिवस’ श्रद्धा और सेवा भाव के साथ मनाया जाएगा। यह दिवस बाबा गुरबचन सिंह की स्मृति को समर्पित है। इस अवसर पर सहारनपुर समेत देश-विदेश की सभी शाखाओं में सत्संग, सेवा और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
देहरादून रोड स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में ब्रांच संयोजक हरबंस लाल जुनेजा ने जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। राजधानी के बुराड़ी क्षेत्र में सरोवर के सामने ग्राउंड नंबर-2 में विशाल सत्संग का आयोजन होगा, जिसमें माता सुदीक्षा जी महाराज और निरंकारी राजपिता रमित जी का सान्निध्य प्राप्त होगा।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक एक विशाल रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा। इस शिविर में इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी और विभिन्न अस्पतालों के चिकित्सकों का सहयोग रहेगा। संत निरंकारी मंडल के सचिव जोगिन्दर सुखीजा के अनुसार संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के मार्गदर्शन में हजारों श्रद्धालु इस पुनीत कार्य में भाग लेकर रक्तदान करेंगे।
यह दिवस केवल आध्यात्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि मानवता, सेवा और एकता का संदेश देने का भी माध्यम है। कार्यक्रम के दौरान बाबा गुरबचन सिंह जी और चाचा प्रताप सिंह जी के आदर्शों को याद करते हुए समाज में भाईचारे और प्रेम का संदेश दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि संत निरंकारी मिशन पिछले चार दशकों से रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहा है और मुंबई में मिशन का अपना ब्लड बैंक भी संचालित है।
सहारनपुर में भी इस अवसर पर स्थानीय स्तर पर सत्संग और सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के भाग लेने की संभावना है। मिशन के पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में भाग लेकर मानव एकता और सेवा के इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है।







