लखनऊ/उत्तर प्रदेश। यूपी में गर्मी ने समय से पहले ही अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार 25 अप्रैल तक प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता रहेगा। पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है।
बुधवार की सुबह सात बजे से ही तेज धूप ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया। बुंदेलखंड और मध्यप्रदेश से सटे दक्षिणी जिलों में गर्म हवाओं और लू के थपेड़ों ने स्थिति और गंभीर बना दी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 32 जिलों में लू को लेकर चेतावनी जारी की है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार फिलहाल 25 अप्रैल तक प्रचंड गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। मंगलवार को बांदा में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं सुल्तानपुर में 43.4 डिग्री और प्रयागराज में 43.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शुष्क पछुआ हवाओं के कारण कई जिलों में लू की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि 26 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और आंशिक राहत मिल सकती है।
इन 32 जिलों में लू का अलर्ट जारी
प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, पीलीभीत, शाहजहांपुर और आसपास के क्षेत्र।
स्कूलों के समय में बदलाव
भीषण गर्मी को देखते हुए यूपी में प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक के सभी सरकारी, गैर सरकारी और निजी विद्यालयों का समय बदल दिया गया है। अब स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित होंगे। यह आदेश 22 अप्रैल से लागू कर दिया गया है और अग्रिम आदेश तक प्रभावी रहेगा।
राजधानी लखनऊ में भी गर्मी का असर
लखनऊ में भी मंगलवार को गर्मी का प्रकोप जारी रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर में सड़कें सुनसान नजर आईं। स्कूलों से लौटते बच्चों को भी झुलसाने वाली धूप का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राहत की उम्मीद नहीं है और 25 अप्रैल तक तापमान उच्च स्तर पर बना रहेगा।







