श्रवण शर्मा
गंगोह (सहारनपुर)। पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी ने अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि संसद में जिस प्रकार विपक्ष ने इस विधेयक का विरोध किया है, वह देश के इतिहास में महिलाओं के अधिकारों का हनन और अपमान है।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी के सम्मान के लिए महिला आरक्षण विधेयक का पारित होना अत्यंत आवश्यक है, लेकिन विपक्ष ने ओछी मानसिकता और घटिया राजनीति के चलते इसे रोकने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि Narendra Modi ने विपक्षी नेताओं से यहां तक कहा कि इस विधेयक का श्रेय वे खुद ले लें, लेकिन इसे पास कराएं, फिर भी विपक्ष तैयार नहीं हुआ।

पूर्व सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार देश को “विकसित भारत” बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि देश में एक्सप्रेसवे, उद्योग और बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हो रहा है। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे सहारनपुर क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है और अब दिल्ली से देहरादून की दूरी मात्र दो घंटे में तय की जा सकती है।
उन्होंने आगे कहा कि देश में रेलवे नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है और वंदे भारत ट्रेन जैसी आधुनिक सुविधाएं आम जनता को मिल रही हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी, वह उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे।
शामली-अंबाला ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे से जुड़े गंगोह में सर्विस रोड निर्माण के प्रस्ताव पर उन्होंने कहा कि जनता से किया गया हर वादा हर हाल में पूरा कराया जाएगा।
प्रेस वार्ता में भाजपा नेता एवं जिला पंचायत सदस्य सुशील चौधरी, जितेंद्र जागलान, संजय प्रधान, कमेड़ा पप्पू चौधरी, रादौर विकास चौधरी, बाबा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बड़ा मुद्दा उठा
“गंगोह में स्मैक और ओयो होटल हर हाल में बंद हों, संरक्षण देने वालों की हो जांच”
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि दिनेश चौधरी ने प्रेस वार्ता में कहा कि गंगोह क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगनी चाहिए। उन्होंने स्मैक के कारोबार और ओयो होटलों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इनको संरक्षण देने वालों की भी जांच होनी चाहिए।







