शहरी चौपाल ब्यूरो
शामली, । जनपद शामली में ईमानदारी और पुलिस की तत्परता की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। शामली-करनाल हाईवे पर मिले चार लाख रुपये की धनराशि को कोतवाली पुलिस ने पूरी प्रक्रिया के बाद सकुशल उसके वास्तविक मालिक को वापस कर दिया।
सड़क पर गिरे रुपये, चालक ने दिखाई ईमानदारी
जानकारी के अनुसार अमित कुमार पुत्र सत्येंद्र कुमार निवासी ग्राम खरड़ (मुजफ्फरनगर) 22 अप्रैल को अपने ईको वाहन से शामली से मेरठ जा रहे थे। काबड़ौत पुल के पास एक मोटरसाइकिल सवार के बैग की चेन खुली होने के कारण उसमें रखे रुपये सड़क पर गिरते चले गए।
मोटरसाइकिल सवार के आगे निकल जाने के बाद चालक अमित कुमार ने सड़क पर बिखरे नोटों को एकत्रित किया और तुरंत थाना कोतवाली शामली पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने बरामद कर सुरक्षित रखा धन
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बरामद धनराशि की गिनती की गई, जिसमें कुल ₹4,00,000 (चार लाख रुपये) पाए गए। पुलिस ने धनराशि को सुरक्षित रूप से मालखाने में जमा कर लिया और उसके वास्तविक स्वामी की तलाश शुरू की।
बैंक के जरिए मिली मालिक की जानकारी
पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर जितेन्द्र कुमार के नेतृत्व में जांच आगे बढ़ाई गई।
जांच के दौरान नोटों पर लगी AU Small Finance Bank, करनाल की मुहर के आधार पर बैंक से संपर्क किया गया। बैंक से मिली जानकारी के आधार पर धनराशि के स्वामी की पहचान शुभम पुत्र करण सिंह निवासी ग्राम कुरालसी (मुजफ्फरनगर) के रूप में हुई।
सत्यापन के बाद सौंपे गए पूरे रुपये
25 अप्रैल 2026 को शुभम को थाना कोतवाली शामली बुलाया गया। विधिवत सत्यापन के बाद उनके बैग से गिरे पूरे ₹4 लाख रुपये उन्हें सुपुर्द कर दिए गए। बताया गया कि शुभम “Pay Near By” एजेंसी के माध्यम से वित्तीय सेवाओं से जुड़े हैं।
पुलिस और चालक की सराहना
इस पूरी कार्रवाई में पुलिस की सक्रियता और चालक अमित कुमार की ईमानदारी की हर ओर सराहना हो रही है। यह घटना समाज में विश्वास और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश देती है।







