सहारनपुर के दिव्य शक्ति अखाड़ा में दो नए महामंडलेश्वर नियुक्त, संत सम्मान समारोह में हुआ भव्य अभिषेक

सहारनपुर के दिव्य शक्ति अखाड़ा में अखिल भारतीय संत सम्मान समारोह के दौरान दो नए महामंडलेश्वरों का विधि-विधान से अभिषेक किया गया। देशभर से पहुंचे संतों ने पुष्पवर्षा कर समारोह को भव्य बनाया।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। सहारनपुर स्थित दिव्य शक्ति अखाड़ा एवं ब्रह्माकुमारीज दिल्ली जोन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अखिल भारतीय संत सम्मान समारोह में दो नए महामंडलेश्वरों का विधि-विधान के साथ भव्य अभिषेक किया गया।

समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से पधारे करीब 154 संतों ने वैदिक मंत्रोच्चारण और पुष्पवर्षा के साथ कार्यक्रम को आध्यात्मिक गरिमा प्रदान की। इस अवसर पर सतना से आचार्य परमानन्द महाराज तथा भूपेन्द्रानंद स्वामी महाराज को दिव्य शक्ति अखाड़ा में महामंडलेश्वर की उपाधि से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर संत कमल किशोर महाराज ने समाज में गिरते नैतिक मूल्यों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए संत समाज को आपसी मतभेद भुलाकर निस्वार्थ भाव से कार्य करना होगा। उन्होंने ज्ञान को समुद्र और मानव मस्तिष्क को गिलास की उपमा देते हुए कहा कि अहंकार त्यागकर प्रेम, सेवा और त्याग के मार्ग पर चलना ही ईश्वर प्राप्ति का सरल उपाय है।

राजयोगिनी तपस्विनी ब्रह्माकुमारी सपना दीदी ने आत्मचिंतन पर बल देते हुए कहा कि आत्मा के सात गुण—ज्ञान, पवित्रता, प्रेम, शांति, सुख, आनंद और शक्ति—के आधार पर जीवन जीने से सच्चा संतोष प्राप्त होता है। वहीं राजयोगी तपस्वी नारायण भाई ने सकारात्मक सोच की शक्ति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विचारों की ऊर्जा ही व्यक्ति के जीवन की दिशा तय करती है।

समारोह में प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्व विद्यालय की ओर से ओम शांति रिट्रीट सेंटर की निर्देशिका बीके आशा दीदी, सहारनपुर सेंटर की संचालिका रानी दीदी, माउंट आबू मुख्यालय की वरिष्ठ राजयोग प्रशिक्षिका उषा दीदी एवं प्रयागराज से पधारी मनोरमा दीदी सहित अनेक संत-महात्माओं ने आशीर्वाद प्रदान किया।

नवनियुक्त महामंडलेश्वरों को पंचतीर्थी आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी रामदेव महाराज, आचार्य चंद्रशेखर शास्त्री महाराज, डॉ. सुरेंद्र शर्मा महाराज, अरविंदर शास्त्री महाराज, डॉ. रेखा बांका महाराज, जगदीश बेदी महाराज, प्रफुल्ल रंजन हलदर महाराज, संत सुनील शुक्ला महाराज, रामशंकर तिवारी महाराज सहित अनेक संतों द्वारा प्रमाण पत्र, अंगवस्त्र, त्रिशूल और अन्य धार्मिक सामग्री भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन रानी बहन द्वारा किया गया। इस भव्य आयोजन ने न केवल संत समाज की एकजुटता को प्रदर्शित किया, बल्कि आध्यात्मिक जागरूकता और भारतीय संस्कृति के संरक्षण का संदेश भी दिया।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य