अरविन्द कौशिक
शामली। श्री ब्राह्मण एकता महासभा के तत्वाधान में भगवान भगवान परशुराम जयंती का आयोजन बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सिद्ध पीठ मंदिर हनुमान टीला स्थित हनुमान धाम परिसर के अग्रसेन बारात घर में हुआ, जहां हजारों की संख्या में ब्राह्मण समाज के लोगों ने भाग लिया

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ एवं हवन से हुई, जिसमें पंडितों ने विधि-विधान से आहुति दिलाकर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष सत्य प्रकाश कौशिक ने की, जबकि संचालन सुरेंद्र शर्मा एवं डॉ. नीरज वशिष्ठ ने संयुक्त रूप से किया।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सदर विधायक प्रसन्न चौधरी ने भगवान परशुराम की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने भगवान परशुराम को माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया और कहा कि भगवान परशुराम की जीवन शैली हमें धर्म, साहस और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है।
इस अवसर पर प्रमुख समाजसेवी एवं राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश महामंत्री विजय कौशिक ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान परशुराम का जीवन त्याग, पराक्रम और सत्य के लिए संघर्ष का प्रतीक है, जिसे समाज को आत्मसात करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का संगठन की ओर से पटका पहनाकर सम्मान किया गया। इसके बाद प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम के दौरान ब्राह्मण समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने आए हुए सभी लोगों का तिलक कर स्वागत किया और समाज में एकता व भाईचारे का संदेश दिया। आयोजन में जयप्रकाश शर्मा, विनोद कुमार अत्री, अशोक कुमार वशिष्ठ, प्रेम किशोर कटोरी, श्रीनिवास शर्मा, कैलाश चंद शर्मा, शिव कुमार शर्मा, अजय कुमार शर्मा, अवनीश वशिष्ठ, सुनील शर्मा, राजीव शर्मा, वीरेंद्र शर्मा, सलिल द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाज में एकजुटता और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का भी माध्यम साबित हुआ।








