शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। असम और पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों में आए चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी को मिली प्रचंड जीत पर पूर्व सांसद एवं भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य राघव लखनपाल शर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गृहमंत्री अमित शाह तथा पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम बताया।

उन्होंने कहा कि यह विजय केवल एक राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि देश की जनता द्वारा विकास, सुशासन और मजबूत नेतृत्व पर जताया गया भरोसा है। राघव लखनपाल शर्मा ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा चलाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं ने आम जनमानस तक गहरी पैठ बनाई है, जिसका परिणाम इन चुनावों में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया है।
पूर्व सांसद ने विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में मिली सफलता को ऐतिहासिक बताते हुए वहां के कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों और चुनौतियों के बावजूद कार्यकर्ताओं ने जिस समर्पण और साहस के साथ काम किया, वह सराहनीय है। उन्होंने यह भी कहा कि यह जीत उन सभी लोगों की है, जिन्होंने बदलाव की इच्छा के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लिया।
राघव लखनपाल शर्मा ने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने विकास, सुरक्षा और पारदर्शी शासन के पक्ष में अपना जनादेश देकर एक स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में राज्य की सांस्कृतिक पहचान और प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हुई, जिसे जनता ने पूरी तरह नकार दिया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है और जनता का यह विश्वास भाजपा को और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। गृहमंत्री अमित शाह की संगठनात्मक क्षमता और रणनीतिक नेतृत्व का भी उन्होंने विशेष उल्लेख किया।
अंत में उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व, राज्य के कार्यकर्ताओं और जागरूक मतदाताओं को इस ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह जनादेश देश में सकारात्मक बदलाव, स्थिरता और विकास की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा।









